मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां एक सिरफिरे आशिक ने गोली मारकर दुल्हन की हत्या कर दी। आरोपी ने गोली दुल्हन की आंख में गोली मारी।
मामला नौहझील क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव का है। खूबीराम प्रजापति की बेटी काजल की गुरुवार को शादी थी। बारात नोएडा से आई थी। रात करीब एक बजे वरमाला की रस्म हुई। काजल ने दूल्हे को वरमाला पहनाई इसके बाद दुल्हन को उसकी बहन और सहेलियां वापस कमरे में ले गईं।

आरोप है कि इसी दौरान समारोह स्थल पर दो-तीन युवकों ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। दुल्हन के पिता खूबीराम के मुताबिक पड़ोस में ही रहने वाले अनीश के एक भाई और दो दोस्त पत्थर फेंक रहे थे।
शोर-शराबा सुनकर दुल्हन के साथ के लोग कमरे से बाहर आ गए। तभी पहले से घात लगाकर बैठा अनीश दुल्हन के कमरे में पहुंच गया। वहां उसने काजल को आंख में गोली मारी और वहां से भाग गया। गोली की आवाज सुनकर जब सब लोग कमरे में पहुंचे तो वहां खून से लथपथ काजल जमीन पर गिरी हुई थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन पिता की गोद में ही काजल ने दम तोड़ दिया।