देवघर। Jharkhand Ropeway Accident: झारखंड के देवघर में त्रिकुट पर्वत पर रोप-वे हादसे में फंसे लोगों के रेस्क्यू का काम जारी है। बचाव कार्य के दौरान मंगलवार को भी हादसा हो गया।
ट्रॉली से निकालते समय एक महिला अचानक गिरने लगी। सेफ्टी बेल्ट होने की वजह से झटका लगा। इसके बाद टीम महिला की जमीन पर लैंडिंग कराने लगी। इसी दौरान वह गिर गई। उसे देवघर सदर अस्पताल के लिए भेजा गया जहां उसकी मौत हो गई । मृतका की पहचान देवघर के झौंसागढ़ी की रहने वाली शोभा देवी के रूप में हुई।
इस हादसे में अबतक चार लोगों की मौत हो गई जिनमें तीन महिला और एक युवक शामिल है। जानकारी के मुताबिक त्रिकूट पर्वत रोपवे ट्राली नंबर 7 से हेलीकॉप्टर की मदद से लोगों को निकाला जा रहा था। इस दौरान एक महिला को हेलीकॉप्टर से गिराई गई रस्सी के सहारे केबिन से बाहर निकाला गया।
गरुड़ कमांडो के जवान उसे निकाल रहे थे। उस महिला को हेलीकॉप्टर में ऊपर की ओर ले जाने के बजाय किसी कारण से नीचे की ओर उतारा जा रहा था। इसी दौरान रस्सी में जोरदार झटका लगा। बताया जा रहा था महिला जिस रस्सी के 5 सहारे लटकी हुई थी वह केबिन में कहीं फस गया और छूटने के बाद जोरदार झटका लगा और वह नीचे की ओर जाने लगी।लेकिन रस्सी में दूसरा झटका भी लगा और महिला नीचे आ गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रस्सी टूटने की वजह से महिला नीचे पहाड़ पर गिर गई और घायल हो गई।
बता दें कि कल सोमवार को भी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दुमका का रहने वाला एक युवक हेलीकॉप्टर से लगभग 2000 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया था। उसकी तत्काल मौत हो गई थी। इससे पहले रविवार को दो महिलाओं की मौत हुई थी।