लखनऊ। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने सहारनपुर जिले के देवबंद से जैश-ए-मोहम्मद (जैश) के दो आतंकवादी गिरफ्तार किए हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने बताया कि शाहनवाज आतंकी संगठन जैश-ए-मुहम्मद का सक्रिय सदस्य है। शाहनवाज के साथ ही आकिब अहमद मलिक को भी गिरफ्तार किया गया है। शाहनवाज जम्मू-कश्मीर के कुलगाम का रहने वाला है जबकि दूसरा आतंकी का आकिब जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला है। DGP ने कहा, हम इनके बाकी साथियों की तलाश कर रहे हैं।
जैश के लिए काम करते हैं दोनों, नये लड़कों को जोड़ने का कर रहे थे काम
डीजीपी ने बताया कि दोनों आतंकी संगठन जैश के लिए काम करते हैं। शहनवाज को हेड ग्रेनेड का एक्सपर्ट माना जाता है, जो ग्रेनेड कैसे लांच किया जाता है लॉबी किया जाता है। इसका वह एक्सपर्ट है। डीजीपी ने बताया कि वह जैश के लिए नये लड़कों को जोड़ने का काम करता था। देवबंद में भी नई भर्ती के लिए कई लड़कों के संपर्क में था। उसका शुरुआती काम लोगों का ब्रेनवॉश कराने का भी था। इस बात की जांच की जा रही है कि इन लोगों ने अब तक कितने लोगों की भर्ती कराई है और उनका टॉरगेट क्या था। पकड़े गए लोगों के बारे में ज्यादा खुलासा बाद में होगा। गिरफ्तार किए गए आतंकियों की उम्र 20-25 साल के बीच है।
देवबंद से गिरफ्तार किए गए आतंकी शाहनवाज अहमद तेली और आकिब अहमद
रिमांड के बाद ये राज उगलवाएगी पुलिस
डीजीपी सिंह ने कहा कि दोनों को ट्रांजिड रिमांड में लेकर लखनऊ कोर्ट में पेश किया जायेगा। इनको पुलिस रिमांड में लिया जायेगा। इनसे हम यह जानना चाहेंगे कि यह लोग कश्मीर से यहां कब आये, इनके और कौन साथी व एसोसिएट है। इसके अलावा इन्होंने अभी तक जैश के लिए किन लोगों को जोड़ा है। इनकी क्या-क्या योजनाएं थी। सबसे बड़ी चीज है कि इनकी फंडिग कौन कर रहा है इनका टारगेट क्या था। इन सब के बारे में पूछताछ करना बाकि है। हम जम्मू कश्मीर की पुलिस से सम्पर्क हैं।
ये सामान आतंकियों के पास से हुआ बरामद
डीजीपी सिंह ने कहा कि इन दोनों के पास से 32 बोर की दो पिस्टल और 30 जिंदा कारतूस मिले। इसके साथ ही दोनों के पास से जेहादी चैट्स, वीडियो व फोटो का प्रमाण और लिखित सामग्री भी बरामद हुई है। फिलहाल टीम मोबाइल के चैट बॉक्स और वीडियो को खंगाल रही है।
खुद को छात्र बताकर रह रहे थे आतंकी
डीजीपी सिंह ने कहा कि शाहनवाज लंबे समय से देवबंद में रहकर पढ़ाई कर रहा था। लेकिन इसका नाम मदरसे के आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है। वहीं आकिब भी बिना प्रवेश के छात्र के रुप में पढ़ाई कर रहा था। डीजीपी बताया कि दोनो आतंकी बगैर किसी कॉलेज या इंस्टिट्यूट में एडमिशन के खुद को छात्र बताकर वहां रह रहे थे।
लंबे समय से पुलिस टीम दोनों आतंकियों की निगरानी कर रही थी। डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि अभी दोनों से पूछताछ हो रही है। हमको लगता है कि कुछ और अहम जानकारियां मिलेंगी जो भी बड़ी जानकारी मिलेगी उसे मीडिया से साझा करेंगे। इस कार्रवाई में हम जेके पुलिस के साथ लगातार संपर्क में रहे। हमारी टीम ने बेहद शानदार काम किया है और आगे चलकर टीम को सम्मानित किया जाएगा।
देश के दुश्मन बच नहीं सकते : केशव प्रसाद मौर्य
आतंकियों की गिरफ्तारी पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी एटीएस ने जैश के दो आतंकियों को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है और उनसे हथियार भी बरामद किए हैं। यह देश के दुश्मनों को संदेश है कि अब आतंकवादी कहीं भी छिप नहीं सकते हैं। https://www.kanvkanv.com