हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शनिवार को एक केमिकल फैक्ट्री का बॉयलर फटने से तेज धमाका हो गया। इसमें आठ लोगों की मौत हो है जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल है। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दमकल कर्मियों को फोन किया गया। इस हादसे में आठ मजदूर जिंदा जल गए हैं। जबकि 15 लोग बुरी तरह से झुलसे हैं। हादसे की खबर पाकर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। फैक्ट्री में राहत बचाव कार्य भी जारी है। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुःख प्रकट किया है।
जिले के धौलाना क्षेत्र के यूपीआईडी की फैक्ट्री है, जिसमें केमिकल बनता है। बताते हैं कि शनिवार दोपहर बाद अचानक से फैक्ट्री में बॉयलर फट गया। तेज धमाके के साथ फटे बॉयलर से आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। बताते हैं कि हादसे के दौरान फैक्ट्री के अंदर करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। हादसे में आठ मजदूर जिंदा जल गए हैं जबकि 15 मजदूर बुरी तरह से झुलस गए। हादसे की खबर पाकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख प्रकट किया है। उनके दफ्तर के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा गया, ‘ सीएम योगी ने जनपद हापुड़ स्थित एक फैक्टरी में ब्वॉयलर फटने की दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री जी ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।’