लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो वाहनों की भिड़न्त हो गई। इसमें छह लोगों की जान चली गई, जबकि छह लोग घायल हैं। पुलिस ने राहत बचाव कार्य करते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मार्ग दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी निरीक्षक बंथरा अजय प्रताप सिंह ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार की देर रात करीब 2:30 बजे बनी मोहन रोड पर लतीफ नगर के पास हुआ है। मैजिक और टैंकर में टक्कर से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गये हैं।
घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और शवों की शिनाख्त शुरू कर दी। मृतकों की पहचान हरदोई के अतरौली निवासी शैलेंद्र, राम आधार, पुरुषोत्तम, संभर, राहुल और जयकरण के रूप में हुई है। संभर और जयकरण दोनों भाई हैं। हादसे में घायल छह लोगों का इलाज चल रहा है।