मुंबई। महाराष्ट्र की सियासत में बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, शिंदे गुट और भाजपा के बीच सरकार बनाने पर मंथन चल रहा है। भाजपा ने 8 कैबिनेट और 5 राज्य मंत्रियों का ऑफर शिंदे गुट को दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, डिप्टी CM के लिए एकनाथ शिंदे का नाम रखा गया है। गुलाबराव पाटिल, संभुराज देशाई, संजय शिरसाट, दीपक केसरकर, उदय सामंत, मंत्री बन सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। इसके अलावा बागी विधायक एकनाथ शिंदे भी राजधानी के लिए उड़ान भर सकते हैं। कहा जा रहा है कि राज्य में भाजपा फ्लोर टेस्ट की मांग नहीं करेगी। छोटे दल यह मांग उठा सकते हैं। एक अन्य मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा था कि महा विकास अघाड़ी सरकार को गिराने के लिए भाजपा की रणनीति तैयार हो चुकी है।
उधर शिवसेना के राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता संजय राउत ने ट्वीट कर बागी विधायकों व भाजपा पर निशाना साधा है। ट्विटर हैंडल पर बागी विधायकों का बिना नाम लेते हुए लिखा, ‘जहालत’ एक किस्म की मौत है, और जाहिल लोग चलती फिरती लाशें हैं।
इससे पहले भी संजय राउत ने बागी विधायकों को ‘जिंदा लाश’ कहकर संबोधित किया था। उन्होंने कहा था, गुवाहाटी में वो 40 लोग जिंदा लाश हैं, उनकी आत्मा मर चुकी है। उनके इस बयान पर काफी हंगामा हुआ था।