मुंबई। पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने वाली भारतीय जनता पार्टी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। खबर है कि मुंबई की मुंब्रा पुलिस ने नूपुर शर्मा को 22 जून तक पूछताछ के लिए हाजिर होने के लिए कहा है।
नूपुर शर्मा के खिलाफ दक्षिण मुंबई के पायुधिनी पुलिस ने भी मामला दर्ज कर लिया था। रजा एकेडमी की मुंबई विंग के इरफान शेख की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की थी।
खास बात है कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी समेत कई लोग शर्मा की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इसके अलावा ईरान, इराक समेत करीब 14 देश पूर्व भाजपा नेता के बयान पर आपत्ति जता चुके हैं। हालांकि, शर्मा ने अपना बयान वापस लेने का ऐलान कर दिया था।
उधर दिल्ली पुलिस ने शर्मा को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ उनकी विवादास्पद टिप्पणी के लिए धमकियां मिलने की शिकायतों पर प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ”हमने प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।”
उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153ए (धर्म, जाति, जन्मस्थान, निवास के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 506 (आपराधिक धमकी), 507 (गुमनाम संचार द्वारा आपराधिक धमकी), 509 (शब्द, हावभाव या कार्य, जिसका उद्देश्य किसी महिला की गरिमा का अपमान करना है) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।