बेंगलुरु। कर्नाटक में ठेकेदार संतोष पाटिल की मौत के मामले में भाजपा सरकार घिरती नजर आ रही है। इस मामले में कर्नाटक सरकार के मंत्री केएस ईश्वरप्पा और उनके सहयोगियों बासवराज और रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
इस मामले में मंत्री के खिलाफ अलग से एफआईआर भी कई गई है। यही नहीं सीएम बसवराज बोम्मई ने भी उन्हें तलब किया है। बोम्मई ने कहा, ‘ईश्वरप्पा के खिलाफ एआईआर दर्ज की गई है। मैं सभी जानकारियां ले रहा हूं। ईश्वरप्पा से मैं फोन पर बात करूंगा और उन्हें बुलाऊंगा। फिलहाल एफआईआर दर्ज कर ली गई है।’
ठेकेदार के भाई ने मंत्री पर लगाया गंभीर आरोप
मंगलवार को संतोष पाटिल उडुपी के एक लॉज में मृत पाए गए थे। संतोष पाटिल के भाई ने उनकी मौत के लिए मंत्री ईश्वरप्पा को जिम्मेदार ठहराया है। प्रशांत पाटिल ने कहा, ‘मेरे भाई की मौत के जिम्मेदार ईश्वरप्पा हैं। उन्होंने संतोष से घूस की मांग की थी। इसके बाद उस पर मानहानि का केस दायर किया गया था। पाटिल को धमकियां भी दी गई थीं।’ आरोप है कि आत्महत्या से पहले संतोष पाटिल ने अपने दोस्तों वॉट्सऐप मेसेज किया था कि वह अपनी जान देने जा रहा है और इसके लिए ईश्वरप्पा को जिम्मेदार ठहराया था।