चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संविदा कर्मचारियों को लेकर मंगलवार को बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि 35,000 संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा। इस फैसले से ग्रुप सी और डी के कर्मचारियों को फायदा होगा। उन्होंने मुख्य सचिव को ऐसी संविदात्मक और आउटसोर्सिंग भर्तियों को समाप्त करने का भी निर्देश दिया है।
सीएम मान ने वीडियो के जरिये दिया सन्देश
मान ने एक वीडियो संदेश में कहा कि समूह सी और डी के 35,000 संविदा कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने का निर्णय लिया गया है। भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में मुख्य सचिव को निर्देश दे दिए हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले किया था वादा
सीएम ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले उनकी पार्टी ने वादा किया था कि वह सत्ता में आने के बाद संविदा कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करेगी। बता दें कि सरकारी विभागों में 25,000 पदों को भरने की घोषणा के कुछ दिनों बाद मान ने ये ताजा घोषणा की है।