लखनऊ/जौनपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरुवार को जौनपुर, आजमगढ़, भदोही व मीरजापुर के दौरे पर हैं। अपने दौरे में उन्होंने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से नजदीकियों को लेकर अपनी तल्खी को मीडिया से बयां की।
सपा अध्यक्ष ने ओपी राजभर पर निशाना साधते हुए कहा कि वह भाजपा के इशारे पर चल रहे हैं। भाजपा को खुश करने के चलते ही उन्हें सुरक्षा दी गई। जो भाजपा की माला जपेगा, वह ही स्वतंत्र व आजाद घूमेगा। अखिलेश ने कहा कि राजभर के अंदर भाजपा की आत्मा घुस गई है। उन पर झाड़-फूंक कराने की जरूरत है, तभी वह ठीक होंगे।
जानकारी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज जौनपुर पहुंचे हैं। यहां अखिलेश यादव खुंआवा थाना बरसठी में स्वर्गीय हंसराज यादव के पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर तीन बजे बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। जहां से शाम चार बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।