देहरादून। यमुनोत्री यात्रा पर भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस दौरान मध्य प्रदेश निवासी के एक तीर्थयात्री की जानकी चट्टी में हृदय गति रुकने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोमवार को सुबह करीब 8 बजे गोकुल प्रसाद (70) पुत्र भवरलाल निवासी परसोली आगर मार्ग तराना उज्जैन मध्यप्रदेश, यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे थे।
जानकी चट्टी में अचानक ख़राब हुआ स्वास्थ्य
इसी दौरान जानकी चट्टी पार्किंग में अचानक उनका स्वास्थ्य खराब हो गया। साथी परिजनों ने उन्हें जानकी चट्टी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उक्त यात्री की मृत्यु हृदय गति रुकने से होना बताया गया है। यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर कपाट खुलने के बाद इस बार 17 यात्रियों की अलग-अलग कारणों से मृत्यु हो गयी है।
केदारनाथ धाम में अब तक 28 लोगों की मौत
केदारनाथ धाम और पैदल मार्ग में हृदगति रुकने से मरने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। रविवार को दो तीर्थयात्रियों की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। इस सीजन में अब तक 28 यात्रियों की मौत हो चुकी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीके शुक्ला ने बताया कि केदारनाथ धाम में दर्शन करने आ रहे दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई।