लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद प्रयागराज, मुरादाबाद, सहारनपुर समेत कई शहरों में प्रदर्शन हुआ। इसमें कुछ शहरों में उपद्रवियों ने द्वारा पथरबाजी की भी घटनाएं सामने आई। वहीं पुलिसकर्मियों ने माहौल को शांत कराया। अलग अलग शहरों में उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई को लेकर पुलिस ने अब तक करीब 227 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। हालाँकि अभी भी गिरफ्तारी जारी है।
दरअसल भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल की टिप्पणियों को लेकर शुक्रवार (10 जून) को जुमे की नमाज को लेकर प्रयागराज, मुरादाबाद, सहारनपुर, हाथरस समेत कई जिलों में बवाल हुआ। प्रयागराज में तो उपद्रवियों ने बच्चों को आगे कर पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी की। पुलिस के वाहनों को जला दिया गया। पत्थरबाजी में आरएएफ का जवान घायल हुआ है तो डीएम-एसएसपी को पत्थर लगे है। आंसू गैस छोड़कर पुलिस ने पत्थरबाजों पर लाठीचार्ज किया। चार घंटे के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया गया। पुलिस ने इलाके को सील करते हुए अब पत्थरबाजों को गिरफ्तारी शुरु कर दी है, इसके लिए एक सूची भी बनायी है।
इन जिलों में हुई गिरफ्तारी
प्रदेश के कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल और उपद्रव करने वालों की गिरफ्तारियां तेज हो गई है। गिरफ्तार लोगों में प्रयागराज से 68, सहारनपुर से 48, हाथरस से 50, मुरादाबाद 25, फिरोजाबाद से 08 और अम्बेडकरनगर से 28 उपद्रवी शामिल है। गिरफ्तारी की संख्या बढ़ सकती है।
सीएम योगी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
जुमे की नमाज के बाद उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, सहारनपुर, कानपुर लखनऊ, मुरादाबाद समेत कई शहरों में हो रहे प्रदर्शन के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दंगाईयों से निपटने के लिए आला अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अशांति फैलाने वाले उपद्रवियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।